#ऋष्यम्। Money Mindset
स्टेफी ग्राफ से लेकर सैफ अली खान तक Love, Life और Money के दो दिलचस्प किस्से
Gen-Z के लिए प्यार, करियर और लाइफस्टाइल जितने अहम हैं, उतनी ही जरूरी है आर्थिक आजादी। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि शादी के सपने देखने से पहले खुद को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना कितना जरूरी है? आज के दौर में सिर्फ अच्छी कमाई ही नहीं, बल्कि बचत, निवेश और फाइनेंशियल प्लानिंग भी जिंदगी के अहम हिस्से बन चुके हैं।
जरा सोचिए, किसी ने शादी का प्रस्ताव दिया और जवाब मिला-पहले बताओ, कितना कमाते हो?
सुनने में अजीब लगता है, लेकिन दुनिया की मशहूर टेनिस खिलाड़ी स्टेफी ग्राफ और बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के दो किस्से कुछ ऐसी ही कहानी बयां करते हैं। दोनों के सामने शादी और रिश्तों की बात आई तो रोमांस से पहले एक सवाल उभरा-पैसा कितना है?
पहला प्रसंग: जब टेनिस कोर्ट पर स्टेफी को मिला शादी का प्रस्ताव
साल 1996। विंबलडन का प्रतिष्ठित टेनिस टूर्नामेंट। जर्मनी की दिग्गज खिलाड़ी स्टेफी ग्राफ जापान की किमिको डेट के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में कोर्ट पर थीं। मैच के दौरान जब स्टेफी सर्विस करने की तैयारी कर रही थीं, तभी दर्शक दीर्घा से एक शख्स की आवाज आई—'स्टेफी, विल यू मैरी मी'
अचानक मिले इस शादी के प्रस्ताव ने कोर्ट का माहौल खुशनुमा कर दिया। दर्शक हंसने लगे। लेकिन स्टेफी का जवाब और भी दिलचस्प था। उन्होंने मुस्कराते हुए पूछा—'हाउ मच मनी डू यू हैव' यानी तुम्हारे पास कितने पैसे हैं?
उनके इस जवाब पर पूरा स्टेडियम ठहाकों से गूंज उठा। यह छोटा-सा संवाद आगे चलकर टेनिस के सबसे चर्चित मजेदार किस्सों में शामिल हो गया।
▶ VIDEO : शादी के प्रस्ताव पर स्टेफी ग्राफ का मजेदार जवाब-'कितने पैसे कमाते हो?'
दूसरा प्रसंग: सैफ अली खान ने भी दामाद के लिए रखी आर्थिक शर्त!
अब आते हैं बॉलीवुड पर। करण जौहर के चर्चित शो 'कॉफी विद करण' के छठे सीजन में सैफ अली खान अपनी बेटी सारा अली खान के साथ पहुंचे थे। बातचीत के दौरान करण ने सैफ से पूछा कि अगर कोई लड़का सारा को डेट करना चाहे तो वे उससे कौन-से तीन सवाल पूछेंगे?
सैफ ने जवाब दिया-उसके राजनीतिक विचार क्या हैं, क्या वह ड्रग्स लेता है और रिश्तों में बेवफाई को लेकर उसकी सोच क्या है?
करण जौहर ने बीच में एक और सवाल जोड़ दिया-पैसे के बारे में पूछना भी जरूरी नहीं है?
इस पर सैफ ने अपने खास अंदाज में कहा-'गॉट कैश? टेक हर!' यानी पैसे हैं तो मेरी बेटी को ले जाओ।
बात यहीं खत्म नहीं हुई।
रैपिड फायर राउंड में सारा ने बताया कि वह रणबीर कपूर से शादी करना चाहेंगी, जबकि कार्तिक आर्यन को डेट करना पसंद करेंगी।
यह सुनते ही सैफ ने फिर सवाल दाग दिया-क्या कार्तिक के पास पैसे हैं?
सैफ के इस जवाब पर सारा असहज होकर कहती हैं कि पापा, आपको यह सब बंद करना होगा। यह सुनने में बहुत गलत लगता है।
शो में पिता-पुत्री की इस नोकझोंक ने दर्शकों को खूब हंसाया।
प्यार के साथ फाइनेंशियल फिटनेस भी जरूरी?
आज की नई पीढ़ी के लिए यह सवाल और प्रासंगिक है। करियर, व्यक्तिगत स्वतंत्रता, महंगाई और बढ़ती जीवनशैली की लागत ने रिश्तों के समीकरण भी बदले हैं। अब केवल यह जानना काफी नहीं कि सामने वाला कितना कमाता है। यह जानना भी जरूरी है कि वह कितना बचाता है, कर्ज को कैसे संभालता है और भविष्य के लिए कितनी वित्तीय तैयारी रखता है।
दिलचस्प बात यह है कि आज कई युवा शादी के बाद हनीमून के लिए महंगे विदेशी टूर पैकेज तक बुक कराने में हिचकते नहीं, भले ही इसके लिए पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड का सहारा क्यों न लेना पड़े। कुछ दिनों की लग्जरी के लिए सालों तक ईएमआई चुकाना क्या समझदारी है? सवाल सिर्फ कमाई का नहीं, बल्कि खर्च करने की आदत और आर्थिक फैसले लेने की समझ का भी है।क्योंकि बड़ी सैलरी के बावजूद अगर खर्च और कर्ज पर नियंत्रण नहीं है, तो आर्थिक स्थिरता केवल दिखावा बनकर रह जाती है।
स्टेफी ग्राफ ने एक दर्शक से मजाक में पूछा था कि उसके पास कितने पैसे हैं। सैफ अली खान ने भी अपनी बेटी के संभावित जीवनसाथी के लिए इसी सवाल को मजाकिया अंदाज में दोहराया।दोनों किस्से हंसाते जरूर हैं, लेकिन एक बात सोचने पर मजबूर भी करते हैं।
शादी में प्यार जरूरी है, भरोसा जरूरी है और आज के दौर में फाइनेंशियल फिटनेस भी कम जरूरी नहीं।
1-सैलरी आते ही बचत, अंत में नहीं
सैलरी मिलते ही कम से कम 20 प्रतिशत रकम बचत और निवेश के लिए अलग करें। बाकी रकम से खर्च का बजट बनाएं। बचत को महीने के अंत तक टालने की आदत छोड़ें।
2-इमरजेंसी फंड बनाएं
कम से कम 3 से 6 महीने के जरूरी खर्च के बराबर रकम अलग रखें। इसे ऐसी जगह रखें जहां जरूरत पड़ने पर आसानी से निकाला जा सके। अचानक नौकरी जाने या मेडिकल खर्च की स्थिति में यह कर्ज से बचाएगा।
3-छोटी SIP से निवेश की शुरुआत
₹500 या ₹1,000 से भी म्यूचुअल फंड SIP शुरू की जा सकती है। लंबी अवधि के लक्ष्यों के लिए अपनी जोखिम क्षमता के अनुसार विविधीकृत इक्विटी इंडेक्स फंड पर विचार करें। बाजार में रिटर्न की गारंटी नहीं होती।
4-दिखावे के लिए कर्ज न लें
महंगे मोबाइल, विदेश यात्रा, शादी और हनीमून के लिए पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड का अनावश्यक इस्तेमाल न करें। क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल समय पर चुकाएं। पहले महंगे ब्याज वाले कर्ज से बाहर निकलें।
5-भविष्य की सुरक्षा को प्राथमिकता दें
स्वास्थ्य बीमा और जरूरत के अनुसार टर्म लाइफ इंश्योरेंस लें। EPF, PPF और अन्य उपयुक्त निवेश विकल्पों के जरिए लंबी अवधि के लक्ष्य तैयार करें। हर साल अपनी बचत और निवेश की समीक्षा करें।
याद रखिए, आर्थिक आजादी बड़ी सैलरी से नहीं, पैसे को सही तरीके से संभालने की आदत से शुरू होती है।
शादी से पहले किसी का बैंक बैलेंस पूछने से बेहतर है कि हम खुद अपना बैंक बैलेंस मजबूत बनाएं। क्योंकि असली अमीरी महंगे हनीमून, बड़ी कार या ब्रांडेड कपड़ों में नहीं, बल्कि उस आर्थिक आत्मविश्वास में है जो मुश्किल वक्त में आपको किसी के सामने हाथ फैलाने से बचाता है।
प्यार कीजिए, सपने देखिए, घूमिए-फिरिए, लेकिन अपने भविष्य की कीमत पर नहीं।
#ऋष्यम्

