सोमवार, 2 नवंबर 2026

महंगाई का ग्लोबल वार: जेब भी खाली, पोर्टफोलियो भी खतरे में!

महंगाई के इस ग्लोबल वार में कोई अपनी बचत गंवा रहा है तो किसी के लिए यही बाजार कमाई का नया मौका बना रहा है। सवाल है, आप किस तरफ हैं?

शीला आंटी के घर का मासिक बजट 35 हजार रुपये है। पिछले साल तक इसी रकम में पांच हजार रुपये बच जाते थे, लेकिन अब बच्चों की फीस, फ्लैट का किराया और रोजमर्रा के खर्च ने बचत का रास्ता बंद कर दिया है। यह दबाव केवल घरेलू बजट तक सीमित नहीं है। कच्चे तेल, कमोडिटी और जरूरी वस्तुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव से कंपनियों की लागत, मुनाफा और शेयरों का प्रदर्शन भी प्रभावित होता है।

यह सिर्फ शीला आंटी की कहानी नहीं, भारत के लाखों मध्यमवर्गीय परिवारों की हकीकत है। महंगाई का असर सिर्फ रसोई और घरेलू बजट तक सीमित नहीं है, भारतीय शेयर बाजार और निवेशकों की कमाई भी इससे प्रभावित होती है। ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहने और सोच-समझकर ट्रेड करने की जरूरत है। कौन सा सेक्टर मुनाफा दे सकता है और किसमें नुकसान का जोखिम है, यह समझना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।

IMF ने जो आंकड़े पेश किए हैं सच वह डरावने हैं, पर भारत में है उम्मीद

IMF के अक्टूबर 2026 के वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक के मुताबिक, 2026 में वैश्विक महंगाई दर 4.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो 2027 में घटकर 4.1 प्रतिशत हो सकती है।
191 देशों की महंगाई दर के आधार पर IMF ने जो आंकड़े पेश किए हैं सच वह डरावने हैं। इसमें वेनेजुएला में महंगाई 467.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि भारत के लिए यह आंकड़ा लगभग 5 प्रतिशत दिखाया गया है, लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए चिंता की बात यह है कि महंगाई का दबाव अब घरेलू बाजार में भी दिखाई देने लगा है। भारत में सितंबर 2026 के दौरान खुदरा महंगाई दर बढ़कर 5.54 प्रतिशत पहुंच गई। खाद्य महंगाई इससे भी ज्यादा 7.74 प्रतिशत दर्ज की गई। इसका मतलब है कि आम परिवारों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ रहा है।

वैश्विक महंगाई के पीछे कई आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय कारण होते हैं। इनमें प्रमुख हैं:

  • युद्ध और अंतरराष्ट्रीय तनाव: युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव से तेल, गैस और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इससे कीमतें बढ़ने लगती हैं।
  • कच्चे तेल की कीमतें: तेल महंगा होने पर परिवहन, उत्पादन और माल ढुलाई की लागत बढ़ती है। इसका असर दूसरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ता है।
  • मुद्रा का कमजोर होना: किसी देश की मुद्रा कमजोर होने पर आयात महंगा हो जाता है। इससे विदेशों से आने वाली वस्तुओं की कीमतें बढ़ सकती हैं।
  • खाद्य संकट: सूखा, बाढ़, खराब मौसम और कृषि उत्पादन में कमी से खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ सकती हैं।
  • मांग और आपूर्ति में असंतुलन: जब किसी वस्तु की मांग बढ़ जाती है और उसके मुकाबले आपूर्ति कम होती है, तो कीमतों में तेजी आ सकती है।
2027 में राहत मिलने की उम्मीद?
IMF के अक्टूबर 2026 के वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक के मुताबिक, वैश्विक महंगाई दर 2026 के 4.7 प्रतिशत से घटकर 2027 में 4.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हालांकि यह राहत कई कारकों पर निर्भर करेगी। अंतरराष्ट्रीय संघर्ष, ऊर्जा की कीमतें और व्यापारिक तनाव महंगाई के अनुमान को प्रभावित कर सकते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि महंगाई दर कम होने का अर्थ यह नहीं है कि पहले से महंगी हो चुकी वस्तुएं सस्ती हो जाएंगी। इसका मतलब केवल इतना है कि कीमतें पहले की तुलना में धीमी गति से बढ़ सकती हैं।

भारतीय शेयर बाजार पर महंगाई का क्या असर पड़ेगा?
महंगाई का असर केवल घरेलू खर्च पर नहीं पड़ता, बल्कि शेयर बाजार भी इससे प्रभावित होता है। इसकी वजह यह है कि महंगाई बढ़ने पर कंपनियों की उत्पादन लागत, मुनाफा, ब्याज खर्च और भविष्य की कमाई के अनुमान बदल सकते हैं। जब निवेशकों को लगता है कि महंगाई लंबे समय तक ऊंची रह सकती है, तो वे शेयरों के मूल्यांकन को लेकर ज्यादा सतर्क हो जाते हैं। ब्याज दरों में बढ़ोतरी से बैंक जमा और बॉन्ड जैसे विकल्प भी निवेशकों के लिए आकर्षक हो सकते हैं। ऐसे में शेयर बाजार में जोखिम लेने की इच्छा प्रभावित हो सकती है। इसका मतलब यह नहीं है कि महंगाई बढ़ते ही सेंसेक्स और निफ्टी गिरेंगे, लेकिन बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने की आशंका जरूर रहती है।

शेयर बाजार में किन सेक्टरों पर पड़ सकता है दबाव?

1. FMCG सेक्टर

हिंदुस्तान यूनिलीवर, ITC, डाबर और नेस्ले इंडिया जैसी कंपनियों के कारोबार पर कच्चे माल, पैकेजिंग, परिवहन और ऊर्जा की लागत का असर पड़ सकता है। यदि उत्पादन लागत बढ़ती है तो कंपनियों के सामने दो विकल्प होते हैं। वे कीमतें बढ़ाएं या अपने मुनाफे में कमी स्वीकार करें। यदि कंपनियां पूरी लागत ग्राहकों पर डालती हैं तो बिक्री की मात्रा प्रभावित हो सकती है। वहीं कीमतें नहीं बढ़ाने पर मार्जिन पर दबाव आ सकता है।

2. ऑटोमोबाइल सेक्टर
महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी का असर कार और दोपहिया वाहनों की मांग पर पड़ सकता है। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज ऑटो जैसी कंपनियों के लिए कर्ज महंगा होना और ग्राहकों की खरीदने की क्षमता घटना चुनौती बन सकता है। हालांकि कंपनियों का प्रदर्शन वाहन श्रेणी, मांग, लागत और नए मॉडल की बिक्री पर भी निर्भर करेगा।

3. एविएशन सेक्टर
कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) महंगा हो सकता है। इससे एयरलाइन कंपनियों की परिचालन लागत बढ़ती है। इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइन कंपनियों के लिए ईंधन की लागत एक महत्वपूर्ण कारक है। यदि कंपनियां बढ़ी हुई लागत का पूरा बोझ यात्रियों पर नहीं डाल पातीं तो उनके मुनाफे पर दबाव पड़ सकता है।

4. पेंट और केमिकल सेक्टर
पेंट और केमिकल कंपनियां पेट्रोलियम आधारित कच्चे माल पर काफी हद तक निर्भर रहती हैं। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने से इनपुट कॉस्ट बढ़ सकती है। एशियन पेंट्स, बर्जर पेंट्स और कुछ केमिकल कंपनियों के मार्जिन पर इसका असर देखने को मिल सकता है।

किन सेक्टरों को मिल सकता है फायदा?
महंगाई के माहौल में सभी कंपनियों को नुकसान नहीं होता। कुछ सेक्टरों को ब्याज दरों और कमोडिटी की कीमतों में बदलाव से फायदा भी मिल सकता है।

1. बैंकिंग सेक्टर
ब्याज दरें बढ़ने पर बैंकों की कमाई पर सकारात्मक असर पड़ सकता है, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि बैंक जमा पर कितना ब्याज बढ़ाते हैं और कर्ज पर कितना ब्याज वसूलते हैं। SBI, HDFC बैंक, ICICI बैंक और अन्य बैंकों के लिए डिपॉजिट लागत, लोन ग्रोथ और खराब कर्ज महत्वपूर्ण कारक होंगे।

2. आईटी सेक्टर
भारतीय IT कंपनियां डॉलर में बड़ी मात्रा में कमाई करती हैं। यदि रुपये में कमजोरी आती है तो डॉलर से होने वाली कमाई का रुपये में मूल्य बढ़ सकता है। TCS, इंफोसिस, विप्रो और HCLTech जैसी कंपनियों को इससे कुछ लाभ मिल सकता है। हालांकि विदेशी ग्राहकों की मांग और डॉलर में होने वाले खर्च को भी ध्यान में रखना होगा।

3. अपस्ट्रीम ऑयल कंपनियां
कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से तेल उत्पादन करने वाली कंपनियों को फायदा मिल सकता है, बशर्ते उत्पादन लागत और सरकारी नीतियां अनुकूल रहें। ONGC और ऑयल इंडिया जैसी कंपनियों के लिए अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यहां एक अंतर समझना जरूरी है। तेल उत्पादन करने वाली कंपनियों और तेल खरीदकर पेट्रोल-डीजल बेचने वाली कंपनियों पर महंगे कच्चे तेल का असर अलग-अलग हो सकता है।

रुपये की कमजोरी भी बढ़ा सकती है महंगाई
भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का आयात करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल महंगा होने के साथ-साथ डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी आने पर भारत का आयात बिल बढ़ सकता है। इसका असर देश के चालू खाते के घाटे, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव और घरेलू कीमतों पर पड़ सकता है। अगर रुपये में कमजोरी लंबे समय तक बनी रहती है तो विदेशों से आयात होने वाले इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी, केमिकल और ऊर्जा उत्पाद महंगे हो सकते हैं। हालांकि रुपये की कमजोरी का कुछ फायदा निर्यात करने वाली कंपनियों को भी मिल सकता है। 

निवेशकों को अब किन बातों पर नजर रखनी चाहिए?
इन संकेतकों को समझे बिना केवल सेंसेक्स और निफ्टी की रोजाना की तेजी या गिरावट के आधार पर बाजार का आकलन करना सही नहीं होगा।
  1. आने वाले समय में भारतीय शेयर बाजार की दिशा तय करने में कुछ महत्वपूर्ण आर्थिक संकेतक भूमिका निभा सकते हैं।
  2. खुदरा महंगाई दर: खाद्य और ईंधन की कीमतें किस दिशा में जा रही हैं।
  3. RBI की ब्याज दर: क्या केंद्रीय बैंक आगे भी रेपो रेट बढ़ाएगा।
  4. कच्चे तेल की कीमत: अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में कितनी तेजी या गिरावट आती है।
  5. डॉलर के मुकाबले रुपया: रुपये की चाल आयात और निर्यात करने वाली कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण होगी।
  6. कंपनियों के तिमाही नतीजे: क्या कंपनियां बढ़ी हुई लागत के बावजूद अपना मुनाफा बनाए रख पा रही हैं।

2 टिप्‍पणियां:

  1. "आर्थिक स्थिति का यह विश्लेषण बेहद सटीक, संतुलित और व्यावहारिक है। जटिल आँकड़ों के बजाय बाजार के रुझानों को जिस सहजता से समझाया गया है, उससे वर्तमान वित्तीय परिदृश्य को समझना काफी आसान हो जाता है। विषय की गहराई और स्पष्ट दृष्टिकोण के लिए साधुवाद! एक उत्कृष्ट लेख।

    जवाब देंहटाएं
  2. A complete figure out of economic situation which help the investor to keep safe his investment as well as earn profit. Very nice blog.

    जवाब देंहटाएं